महराजगंज। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) सोमवार से शुरू होगी। यह जांच महराजगंज कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वेयरहाउस में की जाएगी। यह जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के अधिकृत इंजीनियर जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में यह कार्य करेंगे। केवल एफएलसी में उत्तीर्ण ईवीएम और वीवीपैट का ही चुनाव में उपयोग होगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इस प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी और भारत निर्वाचन आयोग के स्तर पर भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अनुरोध किया गया है। उन्हें एफएलसी प्रक्रिया का अवलोकन करने के लिए अपने प्रतिनिधियों को अधिकृत करने को कहा गया है।