निचलौल। क्षेत्र के भारत नेपाल बाॅर्डर से सटे एक गांव की बालिका को गांव का ही एक व्यक्ति झांसे में ले लिया। अपने रिश्तेदार की मदद से बालिका को नेपाल ले जाने के लिए रात में बाॅर्डर पर पहुंच गया।
एसएसबी जवानों ने रोका तो दोनों बालिका को छोड़कर फरार हो गए। बालिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। पीड़ित बालिका के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी से गांव का ही रहने वाला एक शख्स मोबाइल फोन के जरिए चोरी छिपे बात करता था। काफी समझाने के बाद भी उसने बेटी का पीछा नहीं छोड़ा। इतना ही नहीं बेटी को शादी का झांसा देकर अपने वश में कर लिया। 16 अक्टूबर रात करीब 10 बजे घर से बाहर निकली थी। इसी बीच शख्स अपने एक रिश्तेदार की मदद से बेटी को बाइक से लेकर नेपाल जा रहा था। बाॅर्डर पर तैनात एसएसबी जवानों ने रोककर पूछताछ की तो आरोपी और उसका रिश्तेदार बेटी को छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिली कि बेटी को भारत नेपाल बाॅर्डर पर एसएसबी ने पकड़ा है। उसके बाद वह बेटी को लेकर घर पहुंचे। घटना के बाद से बेटी काफी डरी और सहमी है।
थाना प्रभारी गौरव कन्नौजिया के अनुसार, मामले में बालिका के पिता की तहरीर पर आरोपी और उसके रिश्तेदार के खिलाफ संबंधित धाराओं पर केस दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही। जांच में मिलने वाली साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।