- कुछ ग्रामीणों ने कार्यों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए शुरू किया प्रदर्शन
परतावल। विकास खंड के ग्राम सभा छपिया में विकास कार्यों की जांच करने पहुंची जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा के सामने हंगामा खड़ा हो गया। हंगामा बढ़ता देख डीपीआरओ बिना निरीक्षण किए ही लौट गईं। उनके जाते ही ग्राम प्रधान और उसके पति से मारपीट शुरू हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना से गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
जानकारी के अनुसार, डीपीआरओ निर्धारित कार्यक्रम के तहत गांव में विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने पहुंची थीं। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने कार्यों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख डीपीआरओ बिना निरीक्षण किए ही लौट गईं। उनके जाते ही स्थिति और बिगड़ गई। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो में ग्राम प्रधान और उनके पति को कुछ लोगों ने धक्का-मुक्की करते हुए शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाया।
ग्राम प्रधान सहाना ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी तहरीर में ग्राम प्रधान ने बताया कि बुधवार को गांव में हुए सरकारी निर्माण कार्य की समीक्षा के लिए डीपीआरओ आईं थी। उनके द्वारा जांच किया जा रही थी। इस बीच गांव के ही कुछ लोग मिलकर शोर-शराबा करने लगे। हंगामा होने के कारण वह वापस चली गई। उसके बाद उक्त लोग मिलकर उन्हें मारने पीटने लगे। बीच-बचाव करने आए पति साबिर को भी बुरी तरह से मारा-पीटा, जिससे उन्हें काफी चोटें आईं है। मौके पर गांव के तमाम लोगों ने बीच-बचाव किया, तब जाकर मामला शांत हुआ। उक्त लोगों ने मेरे पति का मोबाइल भी तोड़ दिया। जान-माल की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए।
थानाध्यक्ष भिटौली मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर मिली है। दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।