नगर पंचायत चौक में आयोजित खिचड़ी मेले में लगी भीड़।
महराजगंज। बृहस्पतिवार को भोर से ही नगर पंचायत चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ को खिचड़ी अर्पित करने का क्रम शुरू हुआ और देर शाम तक जारी रहा। सर्वप्रथम सुबह 03:30 बजे डफली व चिमटे की पारंपरिक ध्वनि के बीच योगी लक्ष्मणनाथ ने हठयोगी को खिचड़ी अर्पित कर सुख, समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इसके बाद पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। देर शाम तक महिला व पुरुष दोनों की लंबी कतार लगी रही।
मकर संक्रांति का उल्लास पूरे जनपद में बृहस्पतिवार दिखाई दिया। सबसे अधिक चहल-पहल चौक नगर पंचायत क्षेत्र में देखी गई। यहां गुरु गोरक्षनाथ को खिचड़ी अर्पित करने का क्रम भोर से शुरू हुआ और देर शाम तक जारी रहा। चौक स्थित मंदिर में पहली खिचड़ी योगी लक्ष्मण ने चढ़ाई लेकिन इससे पहले ही महिला व पुरुषों की कतार लगनी शुरू हो चुकी थी। चार बजे के बाद मंदिर का कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुला तो गोरक्षनाथ के जयकारे से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। पूरे दिन खिचड़ी चढ़ाने जनपद के अलावा कुशीनगर, सिद्धार्थनगर व पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम बना रहा। खिचड़ी अर्पण कर लोग धनधान्य का आशीर्वाद लेने में जुटे रहे। महिलाओं की कतार को नियंत्रित करने में महिला आरक्षियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीण महिलाओं की संख्या सबसे आगे रही। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर न सिर्फ खिचड़ी चढ़ाई बल्कि मंदिर परिक्षेत्र में खरीदारी व खानपान का लुत्फ भी बच्चों के साथ लिया। मेला परिसर में चाट, फुलकी के साथ खजला व इमरती की बिक्री खूब हुई।
नेपाल के गोपालपुर में खिचड़ी चढाने उमड़ा आस्था का जनसैलाब : ठूठीबारी। नेपाल के नवलपरासी जिले के गोपालपुर गांव में मिनी गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाने के लिए बृहस्पतिवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर में सबसे पहली खिचड़ी नेपाल के पूर्व गृहमंत्री एवं मंदिर समिति अध्यक्ष देवेन्द्र राज कंडेल ने चढ़ाई। इसके बाद श्रद्धालुओं की खिचड़ी चढ़नी शुरू हुई। मंदिर में आकर खिचड़ी चढ़ाने के लिए भारत-नेपाल दोनों देशों के श्रद्धालु आए हुए हैं। पुजारी रामसूरत वर्मा ने बताया कि दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर की तरफ से रहने एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। साथ ही मेले में बच्चों के लिए झूला एवं अन्य मनोरंजन की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर नेपाल पुलिस के जवान मुस्तैद रहे।
सीमावर्ती श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह : ठूठीबारी। मकर संक्रांति पर्व पर गोपालपुर के गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाने के लिए ठूठीबारी, रामनगर, धरमौली, सडकहवां, किसुनपुर, डगरुपुर, गडौरा, बरगदवां आदि क्षेत्र के श्रद्धालु भक्तों में काफी उत्साह दिखा। वहीं सीमा से सटे नेपाल के गांवों के श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।