किसान महंगे दामों पर खरीदने के लिए विवश, किसानों ने बताई पीड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
परसामलिक। नौतनवा ब्लॉक क्षेत्र में नौ साधन सहकारी समिति है। यहां उर्वरक खाद न होने से किसान महंगे दामों पर खरीदने के लिए विवश हैं। इधर-उधर भटक रहे हैं। किसानों को रवि फसल की बुआई लिए डीएपी खाद की आवश्यकता है, लेकिन नहीं मिल पा रही है।
जानकारी के अनुसार परसामलिक थाना क्षेत्र में हाल ही में जिगिना की सात उर्वरक की दुकान व नौतनवां थाना क्षेत्र के रमगढ़वा में चार उर्वरक की दुकान में अनियमितता मिलने सील कर दिया गया है। जिससे क्षेत्र के किसानों को रबी फसल की बुआई के लिए महंगे दामों पर उर्वरक खरीदना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत निपनिया निवासी जगदीश चौबे ने बताया कि रबी की फसल की बुआई के लिए उर्वरक खाद की आवश्यकता है, लेकिन एक सप्ताह से समिति का चक्कर लगा रहा हूं। अभी तक समिति पर खाद नहीं आई है।
ग्राम पंचायत रेहरा निवासी बहादुर ने बताया कि रबी की फसल की बुआई चल रही है। खाद के लिए किल्लत झेलनी पड़ रही है। जिससे महंगे दामों पर खरीदने को विवश होना पड़ रहा है। किसान अकबर अली खान ने कहा कि समिति पर खाद नहीं होने से दूर से खाद लाना पड़ रहा है। क्षेत्र की प्राइवेट दुकानों पर छापा मारकर विभाग द्वारा सील कर दिया गया। जिससे बाकी दुकानदार डीएपी खाद को महंगे दामों पर बिक्री कर रहे हैं।
निपनिया निवासी सुग्रीम साहनी ने कहा कि समिति पर डीएपी खाद नहीं है। जिससे रबी की फसल गेहूं, मसूर, चना सरसों आदि की बुआई के लिए महंगे दामों पर डीएपी खाद लाकर बुआई की जा रही है। साधन सहकारी समिति लिमिटेड बैकुंठपुर सचिव धीरेंद्र सिंह ने बताया कि डीएपी खाद जल्द ही आ जाएगी। इसके बाद किसानों को वितरित किया जाएगा।
एडीओ कोआपरेटिव अरविंद कुमार वर्मा ने कहा कि दो तीन दिनों में नौ समितियों पर उर्वरक आ जाएगा। जिससे किसानों को महंगे दामों पर खाद खरीदने से निजात मिल जाएगी।