जाम को कम करने के लिए दो घंटे अधिक समय तक खुली रही सीमा
भारत और नेपाल के अधिकारियों ने बैठक कर आधी रात तक सीमा खोलने का लिया फैसला
सोनौली। नेपाल की सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर पर बीते चार दिनों से भारतीय सीमा में मालवाहक वाहनों का लगा जाम बढ़ता जा रहा है। शनिवार को जाम की लंबाई 12 किमी तक पहुंच गई। इसको देखते हुए आधी रात तक बॉर्डर खुला रहेगा। मालवाहक ट्रक रात 12 बजे तक नेपाल में प्रवेश कर सकेंगे।
वाहनों की लंबी कतार के कारण रात 10 बजे तक ही वाहनों का आवागमन होता रहा है। इसके पहले भी भारतीय सीमा में ट्रकों के जाम को लेकर दोनों देशों के अधिकारियों ने बैरियर हटा कर रात्रि 12 बजे तक निर्यात के सामानों को नेपाल भेजा था। शुक्रवार की रात सोनौली में मालवाहक वाहनों के जाम की समस्या को देखते हुए भारत और नेपाल के अधिकारियों की बैठक के बाद रात्रि 12 बजे तक सीमा को खोलने की सहमति बनी। सोनौली बॉर्डर से 12 किमी लंबे जाम में करीब 2,100 ट्रक फंसे हैं। दिल्ली, कोलकाता, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, पंजाब, कानपुर, सहित दर्जनों राज्यों से आकर गड़ियां फंसी हैं। बढ़े जाम के कारण वाहन चालक परेशान हैं। कोतवाल सोनौली अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि भारतीय सीमा में मालवाहक वाहनों केे जाम की समस्या को कम करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।