महराजगंज। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, जागिंग ट्रैक, बास्केटबॉल ट्रैक बनाया जा रहा है लेकिन कई खेलों में प्रशिक्षक नहीं होने के कारण खिलाड़ी निराशा हैं। वह स्वयं से अभ्यास करके प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं।
बारिश के मौसम में स्पोर्ट्स स्टेडियम मैदान में जल भराव होने के कारण लगभग सभी खेलों का प्रशिक्षण बंद था, अब बारिश का मौसम समापन की ओर है। स्टेडियम में खिलाड़ियों की संख्या भी बढ़ने लगी है। जिन खेलों के प्रशिक्षक हैं, उन खेलों के खिलाड़ियों का प्रशिक्षण भी शुरू हो गया है लेकिन क्रिकेट, बैडमिंटन, कबड्डी, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस , ताइक्वांडो के प्रशिक्षक नहीं है। इसके कारण इन खेलों में प्रशिक्षण के लिए आने वाले खिलाड़ियों को निराश होना पड़ रहा है। उन्हें प्रशिक्षित करने वाला कोई नहीं है। वह स्टेडियम में आते हैं और खेल कर चले जाते हैं।
स्टेडियम में ताइक्वाडों में 26 खिलाड़ियों और एथलेटिक्स में 20 खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन है। इसके बावजूद इन खेलों के प्रशिक्षक नहीं है। स्पोर्ट्स स्टेडियम में कुश्ती के 30 खिलाड़ी पंजीकृत है। इसके प्रशिक्षक धर्मेंद्र यादव हैं। हाकी में 40 खिलाड़ी पंजीकृत हैं। जिसके प्रशिक्षक आसिफ एकबाल हैं। वॉलीबॉल में 40 खिलाड़ी पंजीकृत हैं। जिसके प्रशिक्षक अबू फजल हैं। फुटबॉल में पंजीकृत 40 खिलाड़ियों को प्रशिक्षक अमित कुमार कन्नौजिया प्रशिक्षण देते हैं। जबकि बॉक्सिंग में पंजीकृत 26 खिलाड़ियों को उपक्रीड़ाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार प्रशिक्षण देते हैं।
कई खेल के प्रशिक्षक नहीं हैं। प्रशिक्षकों को नियुक्त करने के लिए शासन को लिखा गया है। जिन खेल के लिए प्रशिक्षक जरूरी हैं। प्रशिक्षक के लिए प्रयास किया जा रहा है।
-धर्मेंद्र कुमार, उपक्रीड़ा अधिकारी