महराजगंज। परिषदीय स्कूलों के अलावा माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में खेलों के उपलब्ध संसाधन, खेल मैदान व प्रशिक्षक की उपलब्धता का विवरण अब विभागीय पोर्टल पर देना होगा। जिले में 1705 परिषदीय और 273 माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों का संचालन हो रहा है। इन स्कूलों के लिए स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम के तहत विवरण अपडेट करना होगा।
स्कूलों को अपने यहां खेल शिक्षक, मैदान और खेल सुविधाओं की उपलब्धता से जुड़े विवरण पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इससे जिला, मंडल और राज्य स्तर पर अलग-अलग खेलों की टीम तैयार हो सकेगी। एक विद्यालय एक खेल योजना के तहत स्कूलों से अच्छे खिलाड़ियों की टीम भी निकलेगी। सरकारी व मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम के तहत महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से निर्देश दिए गए हैं। इसके पीछे मंशा है कि खिलाड़ियों का पूरा ब्योरा तथा सुविधाओं की जानकारी पोर्टल पर दर्ज रहे।
जरूरत पड़ने पर खिलाड़ियों को चयन के लिए बुलाया जा सकेगा। बार-बार स्कूल व सुविधा पूछने की जरूरत नहीं होगी। विद्यालय एक दूसरे के खेल संसाधनों का उपयोग भी कर सकेंगे। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा को नोडल बनाया गया है। उन्होंने बताया कि परिषदीय व माध्यमिक स्कूलों की ओर से खेल संबंधी जानकारी पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गये हैं। सरकार की मंशा है कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग का मौका दिया जाए, ताकि अच्छे खिलाड़ियों को तैयार किया जा सके।