भिटौली। भिटौली थाना क्षेत्र के कुछ लोगों पर युवती को बहला-फुसलाकर, धन का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने और शादी कराने का गंभीर आरोप लगा है। सिंदुरिया थाना क्षेत्र की एक युवती ने भिटौली थाने में तहरीर दी है।
सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की तहरीर के अनुसार, भिटौली थाना क्षेत्र की एक महिला ने उसकी बहन को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया और उसका ब्रेनवॉश कर दिया। इसके बाद उसकी बहन को धर्म परिवर्तन कराने वाले भिटौली क्षेत्र के एक व्यक्ति से मिलवाया। आरोप है कि भिटौली क्षेत्र निवासी व्यक्ति के संरक्षण में कई वर्षों से धर्मांतरण चल रहा है।
शिकायत में कहा गया है कि महिला और व्यक्ति मिलकर कूटरचित तरीके से उसकी बहन को घर नहीं जाने दे रहे हैं। उसका शारीरिक व मानसिक शोषण किया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने बताया कि इस घटना से पूरा परिवार हैरान-परेशान है। प्रार्थी ने सोमवार को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।