मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र तहसीलदार को सौंपा, घटना को लेकर लोगों में रोष व्याप्त
नौतनवा। अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के बैनर तले शुक्रवार की शाम सवर्ण समाज के कार्यकर्ता व पदाधिकारी सड़क पर उतर आए। सभी ग्रेटर नोएडा एवं प्रयागराज में दो युवकों की नृशंस हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
इस दौरान प्रदर्शनकारी नगर में जुलूस निकालकर नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर में पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र तहसीलदार कर्ण सिंह को सौंपकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। तहसील पहुंचे गिरजा शंकर पांडेय, मनोज त्रिपाठी, मुन्नू पांडेय, इंदल तिवारी, श्रीनाथ धर दुबे, रवि कुमार सिंह, आयुष सिंह का कहना था कि सवर्ण समाज के विरुद्ध कुछ लोगों द्वारा संगठित रूप से दुष्प्रचार कर समाज में अशांति फैलाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि एक साजिश के तहत आए दिन बेकसूर लोगों को निशाना बनाकर उन्हें मौत के घाट तक उतार दिया जा रहा है। हाल ही में ग्रेटर नोएडा में गोपाल शर्मा एवं प्रयागराज में अर्जुन मिश्र नामक दो युवकों की निर्ममता पूर्वक हत्या भी कर दी गई। इस घटना के बाद से ही ब्राह्मण समेत समस्त सवर्ण समाज में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने मुख्यमंत्री से दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई कर न्याय दिलाने और युवकों के आश्रित परिवार को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने को मांग की है।