सोनौली (महराजगंज)। भारत-नेपाल के सोनौली सीमा पर मालवाहक ट्रकों की आवाजाही एक बार फिर बड़ी समस्या बन गई है। इसका असर यह है कि भारतीय क्षेत्र में करीब पांच किलोमीटर और नेपाली क्षेत्र में आठ किलोमीटर तक मालवाहक वाहनों की कतार लग गई है।
ट्रकों को नेपाल पहुंचने में तीन से चार दिन लग रहे हैं, जबकि माल खाली कर वापस भारतीय सीमा में लौटने में भी करीब चार दिन का समय लग रहा है। इससे आयात-निर्यात कारोबार के साथ ट्रांसपोर्टरों और ट्रक चालकों की परेशानी बढ़ गई है।
सीमा पर जांच की प्रक्रिया लंबी होने के कारण मालवाहक वाहनों की निकासी धीमी पड़ गई है। भारतीय सीमा में प्रवेश किए कद्दू के बीज की खेप पकड़े जाने के बाद सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती बढ़ गई है। अब प्रत्येक ट्रक की बारीकी से जांच की जा रही है। स्थानीय गाड़ी मालिकों ने बताया कि खाली ट्रक बोल कर सुरक्षा एजेंसियां एक ट्रक की जांच में आधे से एक घंटे तक का समय ले रही हैं। इसके चलते ट्रकों की कतार लगातार बढ़ रही है।
सोनौली शून्य से भैरहवा की ओर करीब चार किलोमीटर और सोनौली शून्य से नवलपरासी रोड हाईवे पर भारतीय सीमा में प्रवेश के इंतजार में करीब चार किलोमीटर तक वाहनों का दबाव बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर इसका असर माल ढुलाई और सीमा से जुड़े दूसरे कारोबार पर भी पड़ रहा है।
जाम और लंबे इंतजार से परेशान ट्रांसपोर्ट संचालकों ने सोनौली बॉर्डर के लिए नई लोडिंग रोक दी है। नौतनवा के कई ट्रक मालिकों ने तो भैरहवा में माल खाली करने के बाद अपने ट्रकों को सोनौली के रास्ते वापस बुलाने के बजाय ठूठीबारी बॉर्डर के रास्ते मंगाना शुरू कर दिया है। इससे साफ है कि ट्रांसपोर्टर अब समय और खर्च बचाने के लिए दूसरे सीमा मार्गों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
सीमावर्ती ट्रक यूनियन कल्याण समिति नौतनवा के अध्यक्ष पप्पू खान ने बताया कि सोनौली बॉर्डर पर अनावश्यक जाम के कारण परिवहन कारोबार से जुड़े सभी लोग परेशान हैं। भारत से नेपाल जाने में तीन से चार दिन लग रहे हैं, जबकि नेपाल में माल खाली कर वापस लौटने में भी चार दिन लग जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां एक ट्रक की जांच में आधे से एक घंटे तक का समय ले रही हैं। इससे मालवाहक वाहनों की निकासी प्रभावित हो रही है। कारोबारियों के लिए समय पर माल पहुंचाना और ट्रकों का संचालन करना मुश्किल हो गया है।
इस संबंध में कोतवाल विशाल शुक्ला ने बताया कि नेपाल से आने वाले खाली ट्रक और लोड वाहनों को भारत में लाने के लिए तीन घंटे अतिरिक्त सीमा खुली रहेगी।
तीन घंटे अतिरिक्त खुली रहेगी सीमा
लगातार बढ़ते जाम और ट्रक चालकों की परेशानी को देखते हुए भारत और नेपाल के अधिकारियों ने सीमा को तीन घंटे अतिरिक्त खोलने का फैसला लिए है। माना जा रहा है कि अतिरिक्त समय मिलने से मालवाहक वाहनों की निकासी बढ़ेगी और सीमा पर जमा ट्रकों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।