चार करोड़ से बुझेगी तीन गांवों की प्यास
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। घुघली ब्लॉक के तीन ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम के तहत चार करोड़ रुपये की लागत से तीन पेयजल परियोजना संचालित होंगी। इसके लिए शासन स्तर से मंजूरी मिल गई है। तीनों गांवों में परियोजना संचालित होने से करीब दस हजार की आबादी को शुद्ध पानी मिल सकेगा।
जेई-एईएस पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के लिए लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता में है। इसी क्रम में जल निगम की तरफ से घुघली ब्लॉक के तीन ग्राम पंचायतों में स्वच्छ पेयजल परियोजना संचालित करने के लिए करीब चार करोड़ रुपये की कार्ययोजना शासन को प्रस्तावित की गई थी। इस बीच शासन स्तर से ग्राम पंचायत हरखी, बरवा चमैनिया व नरायनपुर में पाइप लाइन के जरिए जलापूर्ति के लिए ओवरहेड टैंक के निर्माण के लिए मंजूरी दे दी है। इसमें से ग्राम पंचायत हरखी व नरायनपुर में कुल ढाई करोड़ रुपये तथा ग्राम पंचायत बरवा चमैनिया में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत परियोजना पर आएगी। तीनों गांवों में ग्रामीण पेयजल परियोजना संचालित हो जाने के बाद लोगों को टोटी का पानी मिलने लगेगा। इसके लिए हर घर को पानी का कनेक्शन दिया जाएगा। पानी के बदले हर परिवार को प्रतिमाह 50 रुपये देने होंगे। स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से लोगों को जल जनित बीमारियों से निजात मिलने लगेगी। अभी उक्त तीनों गांवों के बहुत से लोग साधारण हैंडपंप का पानी पीने के लिए विवश हैं। साधारण हैंडपंप का पानी दूषित होने के कारण लोग परेशान रहते हैं। बहुत से साधन संपन्न लोग तो आरओ का पानी मंगवा कर पीते हैं, लेकिन गरीब तबका आज भी दूषित जल पीने को विवश है। ऐसे में तीनों गांवों में संचालित होने वाली पेयजल परियोजना गरीबों के लिए वरदान साबित होगी।जल निगम के अधिशासी अभियंता एके अग्रवाल ने बताया कि ग्राम पंचायत हरखी, बरवा चमैनिया तथा नरायनपुर में राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम के तहत पेयजल परियोजना संचालित करने के लिए मंजूरी मिल चुकी है। इन तीनों परियोजनाओं पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन से धन मिलने के बाद टंकी बनाने तथा पेयजल पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।