वॉलीबॉल में काश्तखैरा व लक्ष्मीपुर देउरवां की टीम विजयी
महराजगंज। युवा कल्याण विभाग की ओर से शनिवार को घुघली ब्लॉक के ग्राम मंगलपुर पटखौली व बृजमनगंज ब्लॉक के मैनहवा में ब्लॉक स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हुई। वॉलीबॉल बालक वर्ग के मुकाबले में लक्ष्मीपुर देउरवां की टीम ने बारीगांव की टीम को तथा काश्तखैरा की टीम ने मैनहवा की टीम को हरा कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
घुघली ब्लॉक के मंगलपुर खेल मैदान पर आयोजित प्रतियोगिता में 100 मीटर बालक वर्ग दौड़ में शेखर सोनी ने पहला, टुनटुन सिंह ने दूसरा व इसरार ने तीसरा, 200 मीटर में शमशेर ने पहला, दीपक पासवान ने दूसरा व शेखर सोनी ने तीसरा व 1500 मीटर दौड़ में परमेश्वर त्रिपाठी ने पहला, संगम ने दूसरा व प्रदीप सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कुश्ती प्रतियोगिता में करन यादव ने पहला, अमित प्रजापति ने दूसरा व शशिकांत कुशवाहा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा नेता ओमप्रकाश जायसवाल ने किया। समापन के दौरान खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि खेल के माध्यम से युवा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं। इस दौरान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राकेश पटेल व ग्राम प्रधान अवधेश सिंह आदि मौजूद रहे।
दौड़ में गीता व बिरजू ने मारी बाजी
बृजमनगंज ब्लॉक के मैनहवा खेल मैदान में आयोजित खेल प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में बिरजू शर्मा व बालिका वर्ग में गीता यादव, 400 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में बिरजू शर्मा व बालिका वर्ग में स्नेहा साहनी, 800 मीटर दौड़ में इंसाफ अली व खूश्बू, 1500 मीटर दौड़ में इमरान व गीता ने पहला स्थान प्राप्त किया। गोला क्षेपण में राहुल व गीता यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख उदयराज ने किया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह, युगल किशोर ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों व टीम को पुरस्कृत किया।