बादलों में छिपे रहे सूर्य, और तीखे हुए ठंड के तेवर
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। सूरज रविवार को पूरे दिन बादलों में रहे जबकि कोहरे व गलन के कारण ठंड के तेवर और तीखे हो गए। दिन भर धूप नहीं निकलने के कारण गलन भी बढ़ गई। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 22 डिग्री रिकार्ड किया गया। शाम को कोहरा भी बढ़ गया।
ठंड व गलन के कारण अधिकांश लोग घरों में ही रहे। बहुत जरूरी होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। शीतलहर के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। ठंड ज्यादा होने से लोग इससे बचाव का उपाय करते दिखे।
शनिवार को दोपहर में हल्की धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत तो मिली थी लेकिन रविवार को न धूप निकली और न ही गलन कम हुई। शीतलहर के कारण लोगों की मुश्किलें रविवार को और बढ़ गईं। रविवार को सुबह कोहरा का कहर कम दिखा, लेकिन धूप नहीं निकलने से ठिठुरन बढ़ गई। छोटे बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए लोग घरों में ही अलावा के सहारे लेकर बैठे रहे। यही नहीं, रविवार को बंदी के कारण बाजार में भी सन्नाटा रहा। काफी चहल पहल वाले क्षेत्र नगर पालिका परिषद कार्यालय के सामने की सड़कें सूनी पड़ी रहीं। यही हाल मऊपाकड़ समेत अन्य चौराहों का रहा। कई जगहों पर अलावा की व्यवस्था न होने से लोग परेशान रहे। रविवार को दिन ढलने के बाद ठंड ज्यादा बढ़ने के साथ ही कोहरा भी बढ़ गया।