जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्था का जाना हाल
21 से 23 फरवरी तक एक साथ स्टेट रिव्यू मिशन की टीम कर रही पर्यवेक्षण
महराजगंज। शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य केंद्रों का 21 से 23 फरवरी तक एक साथ स्टेट रिव्यू मिशन की टीम द्वारा पर्यवेक्षण किया जा रहा है। सोमवार को दो सदस्यीय टीम डॉ. वीएन चतुर्वेदी, सतीश मिश्र तथा यूनिसेफ की बीएमसी रिमझिम कसौधन ने विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण किया।
टीम ने सबसे पहले आयुष्मान आरोग्य मंदिर दरौली का पर्यवेक्षण किया। यहां सीएचओ विनीता पाठक एवं एएनएम पुनीता पाठक उपस्थित रहीं। टीम ने टीबी, कैंसर, शुगर आदि की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं के टीकाकरण सहित अन्य सेवाओं, उपलब्ध सुविधाओं एवं संसाधनों की विस्तृत समीक्षा की।
इसके बाद आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिसवा बाबू पहुंची टीम। यहां सीएचओ प्रमोद कुमार यादव एवं एएनएम वंदना पटेल मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान शौचालय की साफ-सफाई को लेकर निर्देश दिए गए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर चौपारिया का निरीक्षण हुआ। यहां सीएचओ राधिका यादव, एएनएम अंजली एवं रागिनी चौधरी तथा 6 आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। सीएचओ के नए रजिस्टर में कुल पन्नों की संख्या एवं प्रमाणपत्र अंकित नहीं मिला।
एएनएम से प्रथम बुधवार को टीकाकरण एवं परिवार कल्याण सेवाओं की जानकारी ली गई। आयुष्मान आरोग्य मंदिर बडृहरा रानी में सीएचओ वसीम बानो, एएनएम उर्मिला पटेल एवं चार आशा मौजूद थीं। यहां पीने का साफ पानी एवं फंक्शनल शौचालय की कमी पाई गई। एएनएम के आरसीएच रजिस्टर में लाभार्थियों का आरसीएच आईडी एवं बैंक खाता संख्या नहीं अंकित थी।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर जंगल फरजंद अली के निरीक्षण के दौरान सीएचओ राधेश्याम साहनी एवं एएनएम बबीता मौर्या उपस्थित थे। सीएचओ के पास 84 दवाओं में से 71 उपलब्ध पाई गईं। आरोग्य मंदिर खुटहा में सीएचओ उमाशंकर यादव मौजूद थे तथा समय पर करीब 15 मरीज उपचार हेतु थे। आयुष्मान आरोग्य मंदिर रमहौली का पर्यवेक्षण हुआ। यहां एएनएम विजयलक्ष्मी राय एवं पूनम उपस्थित रहीं। सभी रिकॉर्ड सही पाए गए।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. केपी सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह, यूनिसेफ के डीएमसी राहुल सिंह, बीपीएम सूर्य प्रताप सिंह एवं बीसीपीएम लवली वर्मा टीम के साथ रहे।