स्वच्छ पेयजल और मेस की व्यवस्था का एसपी ने किया निरीक्षण
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड पर परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने परेड मार्च और स्क्वाड ड्रिल का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ और फिट रखने पर विशेष जोर दिया।
परेड के दौरान पुलिस के जवानों ने मार्च पास्ट और स्क्वाड ड्रिल का प्रदर्शन किया। परेड के उपरांत एसपी ने सभी पुलिस कर्मियों को दौड़ लगवाई और उन्हें नियमित रूप से शारीरिक व्यायाम, परेड, योगाभ्यास, शस्त्राभ्यास तथा ड्रिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए अनुशासन, एकरूपता और शारीरिक-मानसिक फिटनेस अत्यंत आवश्यक है। परेड समाप्ति के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइंस परिसर का भ्रमण किया।
उन्होंने यूपी 112 वाहनों, आरक्षी बैरक, भोजनालय, शौचालय, फील्ड यूनिट, रेडियो शाखा, 112 कंट्रोल रूम, डीसीआर कक्ष, अर्दली रूम, महिला हॉस्टल तथा आरटीसी बैरक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तुरंत दूर करने तथा पूरे परिसर में उच्च स्तर की साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रतिसार निरीक्षक को निर्देश दिए। पुलिस कर्मियों की सुविधाओं पर ध्यान देते हुए स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और मेस की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मेस प्रबंधन को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजनालय में उचित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।