महराजगंज। राजकीय माध्यमिक स्कूलों में पिछले दो वर्षों से प्रभावी कॅरिअर काउंसिलिंग और गाइडलाइन को माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सभी माध्यमिक स्कूलों में प्रभावी कर दिया है। परिषद सचिव का निर्देश मिलने के बाद डीआईओएस ने सभी 278 माध्यमिक स्कूलों के लिए आदेश जारी कर दिया है। इस बदलाव से अब 1.17 लाख विद्यार्थियों को कॅरिअर चुनने व कॅरिअर को लेकर होने वाली जिज्ञासा का निदान हो सकेगा।
जनपद में माध्यमिक स्कूल के विद्यार्थियों के लिए कॅरिअर की सही राह चुनना आसान होगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जिले के सभी राजकीय और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में नियमित कॅरिअर काउंसिलिंग सत्र आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप सही दिशा चुनने में मदद करना है। डीआईओएस कार्यालय से सभी 278 स्कूल प्रधानाचार्यों को अपने स्कूल में नियमित कॅरिअर काउंसिलिंग सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। परिषद से जारी आदेश से अब कॅरिअर मार्गदर्शन केवल राजकीय स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अब यह पूरे वर्ष सी माध्यमिक विद्यार्थियों को दिशा और प्रेरणा देगा। कॅरिअर सत्र में विशेषज्ञों और पेशेवर काउंसलर्स से ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद कराया जाएगा।
प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार का मार्गदर्शन मिलेगा। इससे विद्यार्थियों को सही समय पर सही जानकारी से दिशा निर्धारण में मदद मिलेगी, जिससे वह आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की योजना बना सकेंगे।
कॅरिअर काउंसिलिंग अब सभी माध्यमिक स्कूलों में प्रभावी किया गया है। इन सत्रों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण भी किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण में मदद मिलेगी और वह रुचिकर क्षेत्रों में अग्रसर हो सकेंगे।
-प्रदीप कुमार शर्मा, डीआईओएस