वनग्राम को जोड़ने वाले मार्ग पर शिलान्यास का बोर्ड लगाकर भूल गए अधिकारी
बरसात के समय में वनटांगिया ग्राम सभा पूरी तरह से अलग थलग पड़ जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
चौक बाजार। क्षेत्र के वन ग्राम हथिअहवां, बलुअहवां तथा 24 नर्सरी के ग्रामीणों ने वनटांगिया वनाधिकार समिति के बैनर तले जंगल सफारी के लिए बने टिकट घर के पास प्रदर्शन किया। प्रशासन पर आरोप लगाया कि उनके गांव से काफी दूर मतदान केंद्र बनाया गया है। तेज धूप में महिलाओं तथा बुजुर्गों को लेकर आना मुश्किल होगा। वनग्राम से मुख्य मार्ग तक जाने के लिए इंटरलॉकिंग कराने के लिए शिलान्यास का बोर्ड लगाकर जिम्मेदार भूल गए हैं। बरसात के समय में वनटांगिया ग्राम सभा पूरी तरह से अलग थलग पड़ जाएगी।
वनग्राम हथिअहवां, बलुअहवां तथा 24 नर्सरी के ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने वनटांगिया को राजस्व का दर्जा दिया है, लेकिन सुविधा नहीं मिल रही है। हथिअहवां व बलुअहवां के लोगों के लिए करीब 13 किलोमीटर दूर सोनाड़ी खास में मतदान केंद्र बनाया गया है। करीब 2700 मतदाता हैं। महिलाओं तथा बुजुर्गों के लिए इतना दूर जाने में समस्या होगी। आश्वासन मिला था कि बारिश से पहले हथिअहवां व बलुअहवां जाने के लिए इंटरलॉकिंग करा दी जाएगी। एक वर्ष पूर्व शिलान्यास का बोर्ड भी लगा दिया गया।
20 दिन में बरसात शुरू होने वाली है, लेकिन कोई कार्य नहीं कराया गया। जंगल के बीच कच्चे मार्ग पर पानी भर जाने से रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है। रात में किसी की तबीयत बिगड़ने पर पास के सामुदायिक केंद्र चौक बाजार लेकर जाना संभव हो जाता है। एंबुलेंस नहीं आ पाती है। कभी-कभी चारपाई पर मरीज को लिटाकर टार्च के उजाले में जहरीले कीड़े व खतरनाक जानवरों से बचते बचाते आना पड़ता है।
इस मौके पर तमेसर, बनारसी, सुभाष निषाद, रोशन लाल सहानी, धर्मेंद्र निषाद, रमेश निषाद, चंद्रशेखर निषाद, उमेश निषाद, सुखराम, लक्ष्मी, रामधनी, राजाराम, गोविंद, अर्जुन आदि मौजूद रहे।