व्यक्ति से उचक्कों ने की 25 हजार की ठगी
परतावल (महराजगंज)। बैंक में रकम जमा करने पहुंचे एक व्यक्ति से उचक्कों ने 25 हजार रुपये ठग लिए। घटना शुक्रवार की है। श्यामदेउरवां थानाक्षेत्र के बनकटियां निवासी धीरज चौधरी परतावल चौक गोरखपुर रोड पर पूर्वांचल बैंक में 25 हजार रुपये जमा करने पहुंचे थे। बैंक में ही ठग उनके पीछे लग गए। फार्म भरने के बहाने ठगों ने रुपये जमा करने वाले को भरोसे में लेना शुरू किया। कुछ ही पल में धीरज उन पर भरोसा भी कर लिया। दोनों में एक ने धीरज का फार्म भर दिया। फिर एक ने उनसे रकम गिनने के लिए लिया। ठगों ने रुपये रुमाल में लपेट कर उनको दिया। धीरज ने जब रुमाल खोलकर देखा तो उसमें कागज के टुकड़े थे। धीरज जब तक कुछ समझ पाते दोनों ठग वहां से ओझल हो गए। धीरज ने पहले तो दोनों को परिसर में खोजा। देखते ही देखते शोर मच गया और काफी भीड़ जुट गई। धीरज ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की लेकिन उचक्कों का पता नहीं चला। क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। संवाद