फरेंदा। देवरिया जिले के मेहरौना में संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति इंटर काॅलेज में फूड प्वाजनिंग की घटना में फरेंदा क्षेत्र के एक छात्र की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। छात्र की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
फरेंदा क्षेत्र के भैसहिया रामनगर निवासी सदानंद यादव का 14 वर्षीय पुत्र शिवम यादव देवरिया के पंडित दीनदयाल आश्रम पद्धति इंटर काॅलेज में कक्षा आठ का छात्र था। सोमवार की रात में हुई फूड प्वाजंनिग की घटना में अचानक तबीयत बिगड़ी। उनका गोरखपुर मेडिकल काॅलेज में इलाज चल रहा था। मंगलवार की रात में शिवम की मौत हो गई।
बेटे की मौत की जानकारी मुंबई में मेहनत मजदूरी करने गए पिता सदानंद को मिली तो वह बदहवास हो उठे। वहीं मां सरस्वती देवी बेटे की मौत के बाद बेसुध हो गई। शिवम मां बाप का इकलौती संतान था। उनसे दो बहनें छोटी साक्षी व सोनाक्षी हैं। भाई की मौत की खबर बहनों को मिली तो दहाड़े मार कर रोने लगीं। छात्र का पूरा परिवार मेडिकल काॅलेज में पहुंचा है। पिता सदानंद बेटे की मौत की खबर को सुनकर तत्काल घर के लिए चल दिए। मां बेटे की मौत के बेहोश हो जा रही है।
भैसहिया गांव गम में डूबा
देवरिया की घटना में शिवम यादव की मौत की खबर गांव के लोगों को मिली तो गांव में कोहराम मच गया। पूरा गांव मृतक के घर पहुंच कर संवेदना करने में जुट गए। सभी लोग विधाता के क्रूर मजाक को कोस रहे हैं। छात्र की मौत से पूरा गांव गम में डूब गया है।