कर्तव्य के प्रति लापरवाही सामने आने पर निश्चित रूप से कार्रवाई करने की दी चेतावनी
नौतनवा। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शुक्रवार को नौतनवा थाने का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने थानाध्यक्ष कक्ष, मालखाना, कार्यालय, मेस, सीसीटीएनएस समेत अन्य स्थलों का निरीक्षण कर मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
एसपी अवस्थी ने निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को उच्चस्तर की सतर्कता, अनुशासन एवं पेशेवर दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिलेखों के सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, वांछित/वारंटियों की प्रभावी गिरफ्तारी तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही हरगिज बर्दाश्त नहीं की जाएगी।प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी कार्यशैली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को प्राथमिकता दें।
साथ ही बीट पुलिसिंग को सशक्त बनाने, क्षेत्र में निरंतर गश्त बढ़ाने, अपराध नियंत्रण हेतु सक्रिय सूचना संकलन प्रणाली विकसित करने एवं आमजन के साथ संवेदनशील, विनम्र व विश्वासपूर्ण संवाद स्थापित करने पर विशेष बल देने की बात कही। इस दौरान सीओ अनुरुद्ध कुमार, थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव, चौकी प्रभारी रामजी गुप्ता, उपनिरीक्षक संजय कुमार, शेर बहादुर यादव, दिव्यांशु राय, तनु दुबे, निशांत कुमार, विकास गौड़ मौजूद रहे।
पुलिस लाइंस का एसपी ने किया निरीक्षण
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, आवासीय व्यवस्थाओं, बैरकों, मेस, बैंडमिन्टन हॉल, कंप्यूटर लैब, जिम तथा अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइंस में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान एसपी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और ड्यूटी के प्रति पूर्ण सजगता बरतने की अपील की। संवाद
पुलिस अधीक्षक ने किया कोल्हुई थाने का निरीक्षण
कोल्हुई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शुक्रवार को कोल्हुई थाना का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, सभी अभिलेखों, मालखाने, हवालात और साफ-सफाई की व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने और जनसुनवाई की गुणवत्ता सुधारने के लिए कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने साफ कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए। वहीं ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहते हुए अनुशासन बनाए रखने और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवाद