पुलिस आरोपियों पर केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी, थोड़ी सी चूक होने पर दलालों के जाल में फंस रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। बढ़ती बेकारी का दलाल फायदा उठा रहे हैं। विदेश भेजने के नाम पर रकम ऐंठने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले अपने मंसूबों में कामयाब हो जा रहे हैं। दलाल चिकनी चुपड़ी बातें कर लोगों को अपने जाल में फंसाने के बाद रकम लेकर बेवकूफ बना रहे हैं। उनके हाथ न तो रकम लग रही है, न ही नौकरी। पीड़ित रकम पाने के लिए खाक छान रहे हैं। पुलिस तक मामला पहुंचने के बाद केस दर्ज हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र के भुवना निवासी कमालुद्दीन को विदेश भेजने के लिए भिटौली थाना क्षेत्र के परसा खुर्द निवासी एजेंट अब्दुल कादिर खान को पेटीएम व गूगल-पे के माध्यम से 20 हजार रुपये दे दिए तथा 80 हजार नकद देकर एक स्टांप पेपर पर लिखा पढ़ी कर लिया गया। वीजा के लिए एजेंट उसे बार-बार दौड़ाता रहा। लखनऊ में उसका मेडिकल भी करा दिया, लेकिन उसके बाद भी उसे वीजा नहीं दिया। इस तरह से धोखाधड़ी करके कमालुद्दीन के एक लाख रुपये हड़प लिए और अपना मोबाइल बंद कर लिया।
30 अगस्त को समय सुबह आठ बजे कमालुद्दीन अपने साथ नर्वदेश्वर व अपने पिता तैयब अली को लेकर परसा खुर्द एजेंट अब्दुल कादिर के घर पहुंचे और अपने रुपये की मांग की तो वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। तभी उसकी पत्नी राकिया खातून व उसके पिता भी आ गए और उल्टे ही उक्त सभी लोगों ने पीड़ित को धमकी दी। अगर दोबारा अपना रुपया मांगने आए तो तुम्हें जान से मार दिया जाएगा। ठगी के शिकार कमालुद्दीन ने भिटौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
इसी तरह से श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के हरपुर तिवारी निवासी उमर आलम ने विदेश जाने के लिए भिटौली थाना क्षेत्र के डेरवां निवासी साजिद अली उर्फ डब्ल्यू को दो वर्ष पहले शिकारपुर चौराहे पर स्थित एक चाय की दुकान पर सऊदी अरब का वीजा दिलाने के लिए कुल 70 हजार रुपये दे दिए। एक साल बीत जाने के बावजूद भी वह विदेश नहीं भेजा। रुपये वापस मांगने पर हीलाहवाली करने लगा। बार बार मांगने पर किसी तरह 32 हजार रुपये वापस किए। 16 अक्तूबर को उमर आलम ने उसके घर जाकर पैसा मांगा तो जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित भागकर थाने पर पहुंचा और अपनी फरियाद पुलिस को सुनाई। पुलिस ने आरोपी एजेंट के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बिजली विभाग में नौकरी लगवाने का दिया था झांसा
पनियरा थाना क्षेत्र के कामता बुजुर्ग निवासी राजेश वर्मा को कोरोना काल से पहले उनके खास मित्र भिटौली थाना क्षेत्र के विशुनपुरा निवासी राजाराम चौरसिया ने बिजली विभाग में नौकरी दिलाने का लालच देकर पांच लाख रुपये ले लिए। मित्र के झांसे में आकर राजेश ने अपना खेत बेचकर एक बार दो लाख व दूसरी बार तीन लाख उसके घर जाकर दे दिया। उसके बाद राजाराम ने कहा कि अभी कोरोना चल रहा है कोई भी भर्ती नहीं हो रही है।
काफी समय बीत जाने के बाद पीड़ित अपनी पत्नी को साथ लेकर राजाराम के घर पैसा मांगने पहुंचा तो राजाराम ने उन्हें बाहर बैठने के लिए कहा। थोड़ी देर में अंदर से लाठी डंडा लेकर आया और गाली देने लगा। जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित किसी तरह वहां से निकला और आरोपी के खिलाफ भिटौली थाने में केस दर्ज कराया।
न वीजा मिला न दी हुई रकम, हाथ मलते रह गए
भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा किशुनपुर निवासी अमित कुमार जायसवाल ने करीब छह महीने पहले भिटौली क्षेत्र के डेरवां निवासी साजिद अली को सऊदी का वीजा दिलाने के लिए 29 हजार रुपये खाते में तथा 16 हजार नकद दिया था। छह माह बीत जाने के बाद भी ना तो वीजा दिया और ना ही पैसा वापस दे रहा है 18 अक्तूबर को जब अमित अपना पैसा मांगने के लिए उसके घर गया तो गाली देते हुए डंडा लेकर मारने के लिए दौड़ाने लगा। पीड़ित अमित ने भाग कर अपनी जान बचाई। मामले में भिटौली पुलिस द्वारा केस दर्ज कर जांच कर रही है।
उधारी देने के बजाए धमकी देने लगा
कोतवाली थाना क्षेत्र के नगर पालिका परिषद महराजगंज के सुभाष नगर वार्ड के निवासी छोटेलाल का भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देऊरवां निवासी प्रेम मणि के वहां दो लाख रुपया बाकी है। जिसे मांगने के लिए वह 10 सितंबर को उनके घर गये। घर पर उनके पुत्र नित्यानन्द एवं डब्बू बैठे थे। उधार का रुपया मांगने पर अपशब्द बोलते हुए जान से मार देने की धमकी देने लगे। इस मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
-
मामला सामने आने के बाद पुलिस केस दर्ज करती है। लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है। पंजीकृत एजेंटों से ही संपर्क करना चाहिए। थोड़ी सी चूक से समस्या हो सकती है।
आतिश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक
-