नौतनवा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौतनवा पर तैनात डाॅक्टर पर बाहर की जांच और दवा लिखने का आरोप है। पीड़ित विकास गोयल ने सीएमओ को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। मामले में दो डॉक्टरों की टीम जांच करेगी।
शिकायतकर्ता विकास गोयल ने बताया कि उनके शटरिंग मिस्त्री श्यामसुंदर की सोमवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे इलाज के लिए उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौतनवा में भर्ती कराया। आरोप है कि यहां चिकित्सक ने पहले बाहर से जांच कराकर रिपोर्ट दिखाने को कहा। चिकित्सक के बताए अनुसार वह पैथोलॉजी पर गए। चिकित्सक ने सादे पर्ची पर बाहर की दवा लिख पास में मौजूद एक मेडिकल के दलाल को पकड़ा दिया।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच के लिए डिप्टी सीएमओ डॉ. नीरज व डॉ. सुरेंद्र कुमार को नामित किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद