नौतनवा। नगर स्थित जनता चौक का नगर पालिका सुन्दरीकरण कराएगी। चौक पर डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही पटरियों और सड़क को भारी वाहनों के आवागमन के लिए सुविधाजनक बनाया जाएगा।
मंगलवार को पूर्व सांसद अखिलेश सिंह, विधायक मुन्ना सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि गुड्डू खान आदि ने ठूठीबारी चौराहे पर चल रहे सुन्दरीकरण कार्य का जायजा लिया।
बाद में जनता चौक पहुंचे। ठूठीबारी चौराहे के तर्ज पर जनता चौक का भी सुन्दरीकरण करने का निर्णय लिया। विधायक मुन्ना सिंह ने कहा कि सड़क किनारे की पटरियों को और चौड़ा कर आवागमन के लिए सीसी रोड बनाई जाएगी। बिजली और टेलीफोन के खंभों तथा पुलिस बूथ को और पीछे कराने का प्रयास किया जाएगा।
जिससे आने जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े। चेयरमैन प्रतिनिधि गुड्डू खान ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार में चौतरफा विकास हुआ है। पेयजल, सड़क, बिजली तथा सफाई व्यवस्था के क्षेत्र में बेहतर काम हुआ है। जन सुविधाओं का लगातार विकास किया जा रहा है।
जनता चौक पर नगर पालिका द्वारा सुन्दरीकरण कर डॉ. लोहिया प्रतिमा स्थापित की जाएगी। अश्वनी दूबे, महेश सिंह, मुन्नु श्रीवास्तव, शहनवाज खान, राजेन्द्र आदि मौजूद रहे।