नौतनवा। तहसील सभागार में बुधवार की दोपहर बार और बेंच की बैठक आयोजित हुई। इसमें एसडीएम नवीन प्रसाद के नेतृत्व में तहसील के अधिकारियों एवं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में समस्त अधिवक्ताओं ने बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा-परिचर्चा की। इस दौरान मुख्य रूप से लंबित मामलों के निस्तारण में लापरवाही और अधीनस्थ कर्मचारियों की मनमानी और उसकी जानबूझकर की जा रही अनदेखी का मुद्दा छाया रहा। अधिवक्ताओं ने बैठक के दौरान कहा कि भूमि अकृषक घोषणा, कागजात दुरुस्ती समेत न्यायालय में विचाराधीन अन्य पत्रावलियों का समय सीमा के अंदर न तो निस्तारण हो रहा है और न ही कोई फैसला सुनाया जा रहा है। रजिस्ट्री बैनामा व वसीयत की पत्रावलियों में रिपोर्ट लगाने में लेखपाल मनमानी पर उतारू हैं, जिसके कारण 45 दिन के आदेश के बावजूद 100 दिनों से भी अधिक समय से संबंधित फाइलें पेंडिंग में पड़ी हुई हैं। असंक्रमणीय भूमि पट्टाधारकों के संक्रमणीय हेतु किए गए आवेदनों के निस्तारण में भी अति विलंब हो रहा है। जिससे अधिवक्ता और प्रशासन दोनों के प्रति वादकारियों में असंतोष है। अधिवक्ताओं ने एक सुर में समयावधि के अंदर इन मामलों का निस्तारण करने की बात कही, वहीं अधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बार एसोसिएशन से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। इस दौरान एसडीएम नवीन प्रसाद, तहसीलदार कर्ण सिंह, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव, रवींद्र नाथ त्रिपाठी अन्य माैजूद रहे।