महराजगंज। बीते दो दिनों में सूरज की तपिश कम लेकिन अधिक आर्द्रता व बदरी के कारण उमस ने लोगों को परेशान किया। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 89 प्रतिशत व न्यूनतम आर्द्रता 72 प्रतिशत रहा।
बृहस्पतिवार का दिन ज्यादातर छांव में गुजरा और थोड़ी-थोड़ी देर के लिए सूरज बादलों की ओट से झांकता रहा। इस दौरान घर हो या बाहर लोगों का गर्मी व उमस से हाल बुरा रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्राप्त संख्यात्मक माडल, उपग्रहीय तस्वीर एवं अन्य मौसमी विश्लेषण से ज्ञात होता है कि जिले में इन दिनों आसमान में बादल छाए हुए हैं, लेकिन वायुमंडलीय दाब 1002 के आसपास न होने के कारण बारिश नहीं हो रही है। अनुमान है कि शु्क्रवार को जहां बदरी के बीच हल्की बौछारें पड़ेगी तो वहीं शनिवार व रविवार को जिले के ज्यादातर स्थानों पर हल्की बारिश होगी।