महराजगंज। मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल सोहगौरा समय स्थान के प्रधानाध्यापक महेश प्रसाद ने रसोईया भर्ती में गड़बड़ी करने व गांव की राजनीति में दखल देने के आरोप पर अपना स्पष्टीकरण शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी मिठौरा को सौंपकर दोनों आरोपों से इनकार किया है। प्रधानाध्यापक ने स्पष्टीकरण में बताया कि रसोइया चयन के लिए मध्याह्न भोजन समिति ने रसोइया चयन के लिए आवेदन आमंत्रित किया था। निर्धारित नियमों का अनुपालन करते हुए समिति ने दो रसोइया चयन किया। लेकिन ग्राम प्रधान ने अपने रसोइया का चयन न होने से नाराजगी जताकर चयन प्रपत्र पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। समिति की तरफ से उन्हें बताया गया कि जिस रसोइया को वह लाने का प्रयास कर रहे उसका कोई पाल्य स्कूल में नहीं पड़ता ऐसे में उसका चयन नहीं किया जा सकता बावजूद प्रधान ने हस्ताक्षर नहीं किया और गांव की राजनीति में दखल देने का आरोप लगाकर शिकायत कर दी। संवाद