नौतनवा। केंद्र और प्रदेश की सरकार एम्स, मेडिकल कॉलेज समेत अन्य माध्यमों से लगातार स्वास्थ्य व्यवस्था की बेहतरी पर कार्य कर रही है। आज कोई भी ऐसा जरूरतमंद व्यक्ति नहीं है जिसका पैसों के अभाव में इलाज न हो पा रहा हो।
यह बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहीं। बृहस्पतिवार को वह नौतनवा में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार की पहल पर उत्तर प्रदेश के कुल 5.89 करोड़ लोगों का आयुष्मान कार्ड जारी कर उन्हें पांच-पांच लाख रुपये तक की मुफ्त इलाज की सुविधा से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सके इसके लिए प्रत्येक जिलों में मेडिकल कालेजों की स्थापना की गई है।
वहीं कार्यक्रम के दौरान ही एकाएक उस वक्त माहौल बदल गया, पूर्व मंत्री अमर मणि त्रिपाठी एवं उनके पुत्र पूर्व विधायक अमन मणि त्रिपाठी अपने दर्जनों समर्थकों के साथ मंच तक पहुंचे और उनका स्वागत किया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक जयमंगल कन्नौजिया, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, बबलू सिंह, अक्षय प्रताप सिंह, समीर त्रिपाठी, नरसिंह पांडेय, आशुतोष सिंह आदि की मौजूदगी रही।