युवती ने दूसरे प्रेमी के साथ की थी युवक की हत्या, गिरफ्तार
कोल्हुई (महराजगंज)। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय परिसर में 12 मई को मिले युवक के शव के मामले से पुलिस ने बृहस्पतिवार को पर्दा उठा दिया। युवक की हत्या की आरोपी प्रेमिका व नौतनवां थानाक्षेत्र का उसका दूसरा प्रेमी निकला। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थानाक्षेत्र के परसौना गांव में 12 मई को हरीश साहनी की गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में लाश मिली थी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर कोल्हुई पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थी। इस बीच पुलिस को कामयाबी मिल गई। थानेदार राम सहाय चौहान के अनुसार पूछताछ में युवती ने बताया कि वह हरीश से दो साल से प्यार करती थी, लेकिन एक साल पहले बाबू पैसिया निवासी युवक परमिंदर उसके घर आया था। देखते ही देखते उससे प्रेम हो गया। वह कपड़े बेचता है। परमिंदर से प्यार होने पर जब वह हरीश से दूरियां बनाने लगी तो वह उसे गाली देता था व आत्महत्या करने का धमकी देने लगा था। इससे अजीज आकर उसने प्रेमी परमिंदर के साथ मिलकर हरीश को रास्ते से हटाने के लिए ठान ली। युवती ने बताया हरीश को फोन कर उसके घर के सामने हो रही शादी में मिलने बुलाया। इसके बाद वह और परमिंदर परसौना स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंच गए। वह हरीश से बात करने लगी। योजना अनुसार विद्यालय परिसर में छिपा दूसरे प्रेमी परमिंदर ने हरीश का पीछे से गमछे से गला कस दिया। दूसरी तरफ लड़की ने भी हरीश की मृत्यु हो जाने तक गला कसती रही। जब उसकी सांस पूरी तरह से रुक गई, तब दोनों अपने-अपने घर चले गए।