निचलौल। दुर्गा पूजा के भव्य आयोजन में योगदान देने वाली समितियों का उत्साह बढ़ाने के लिए नगर पंचायत निचलौल ने सम्मान की पहल की। महाअष्टमी पर रविवार शाम अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया और अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील मद्धेशिया मुन्ना ने सभासदों के साथ नगर के विभिन्न वार्डों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन-पूजन किया।
इस दौरान पूजा समितियों के प्रमुख सदस्यों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। नगर पंचायत की इस पहल को समितियों ने धार्मिक आयोजनों के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता बढ़ाने वाला कदम बताया।
वनदेवी स्थान स्थित नगर के मुख्य चौराहे से शुरू हुआ सम्मान समारोह देर रात तक चला। नगर पंचायत की ओर से पहली बार की गई इस पहल का पूजा समितियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। समिति सदस्यों ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से धार्मिक आयोजनों में जुटे लोगों का मनोबल बढ़ता है और सामाजिक सहभागिता को मजबूती मिलती है।