कोल्हुई। पिता की आंखों में न जाने क्या-क्या सपने रहे होंगे बेटी की शादी को लेकर, लेकिन नियति ने तो कुछ और ही तय कर रखा था। बेटी की शादी से पहले ही सारे सपने आंखों में ही लिए मंगलवार देर रात पिता की आंखें बंद हो गईं।
स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम बेलौही निवासी अनिल जायसवाल (48) गांव के ही चौराहे पर किराने की दुकान चलाते थे। उनकी तीन बेटियां और एक बेटा हैं। बड़ी बेटी की शादी एक फरवरी को लखनऊ में होनी थी। शादी में जाने के लिए घर पर रिश्तेदार पहुंचने लगे थे। घर के आंगन में मंगलगीत हो रहे थे। शादी की तैयारियाें में कोई कमी न रह जाए इसके लिए अनिल जायसवाल लगे हुए थे।
इसी बीच, मंगलवार देर शाम वह अपनी दुकान से साले विनय जायसवाल निवासी लेहड़ा थाना बृजमनगंज के साथ बाइक से घर के लिए निकले, लेकिन थोड़ी ही दूर एक बेकाबू कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले सीएचसी बृजमनगंज और वहां से सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां देर रात अनिल की सांसें थम गईं। एक पल में सारी खुशियां गम में बदल गई। जिस दरवाजे से बेटी की डोली उठनी थी, वहां से पिता की अर्थी उठी। उधर, विनय अस्पताल में जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा है। संवाद