महराजगंज। नगर मुख्यालय में दुर्गा पूजा पंडालों के चलते उमड़ रही भीड़ का असर यातायात व्यवस्था पर पड़ने लगा है। गोरखपुर रूट से आने वाली रोडवेज बसों के पहिए बैकुंठपुर में ही थम जा रहे हैं।
नगर के सक्सेना चौक से निचलौल मार्ग पर दुर्गा मंदिर के निकट व फरेंदा रूट पर सदर कोतवाली के बगल में दुर्गा उत्सव की धूम मची है। रविवार अष्टमी के बाद नगर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। अत्यधिक भीड़ के कारण रोडवेज बसें नगर बस स्टेशन तक नहीं पहुंच पा रही हैं। चालक बैकुंठपुर मोड़ पर ही सवारियों को उतार रहे हैं। ऐसे में बाहर से आने वाले यात्रियों को दिक्कतें हो रही हैं।
एआरएम संजय प्रेमी ने बताया कि सुरक्षा और जाम के मद्देनजर यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। त्योहार समाप्त होते ही बसों का संचालन पूर्व की तरह नगर बस स्टेशन से शुरू हो जाएगा।