नौतनवा। नगर पालिका परिषद नौतनवा कस्बे में लाखों की लागत से बन रहा नाला बृहस्पतिवार की देर शाम ढलाई के चार दिन बाद ही ध्वस्त हो गया। जिम्मेदार अब अपनी साख बचाने के लिए उसकी मरम्मत में जुट गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, नगर स्थित लोक निर्माण विभाग के डाक बंगला के सामने से अस्पताल तिराहा तक करीब 39 लाख रुपये की लागत से नगर पालिका नाला का निर्माण करा रही है। इस निर्माण कार्य में मानक और गुणवत्ता मामले ने पहले से ही तूल पकड़ रखा है, बावजूद इसके जिम्मेदारों की ओर से इसकी अनदेखी की जा रही थी।
बृहस्पतिवार की देर शाम कस्टम कार्यालय के ठीक सामने चार दिनों पहले ढाली गई नाले की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई, जिससे निर्माण में मानक और गुणवत्ता की कलई खुलकर सामने आ गई।
यह मामला पूरे क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज का कहना है कि उन्हें नाला गिरने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो इसकी जांच कराकर संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।