महराजगंज। साधन सहकारी समितियों का सदस्य बनाने के मामले में जनपद ने सूबे में पहला स्थान प्राप्त किया है। 30 हजार के लक्ष्य के सापेक्ष पैक्स की सदस्यता 30,714 किसानों को दी जा चुकी है। अब जनपद का प्रत्येक किसान समिति से खाद प्राप्त कर सकेगा। एआर कोऑपरेटिव के आंकड़ों के मुताबिक जनपद ने किसानों के सदस्यता के मामले में 102.54 फीसदी सफलता अर्जित की है। रबी का सीजन शुरू होने के पहले ही कृषि निदेशालय ने समितियों से उर्वरक की राह कठिन कर दी है। निर्देश जारी कर स्पष्ट कर दिया गया है कि किसान के पास फार्मर रजिस्ट्री हो या वह समिति के सदस्य हो तभी सोसाइटी से उर्वरक दिया जाए। नए नियम प्रभावी होने के बाद न सिर्फ किसान रजिस्ट्री के आंकड़े बढ़े बल्कि पैक्स सदस्यता के लिए निदेशालय से तय लक्ष्य से कहीं अधिक सदस्यता दिलाई गई।