महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपद के विभिन्न गोआश्रय स्थलों की लाइव मॉनिटरिंग की। मौके पर मौजूद नोडल अधिकारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने समीक्षा में बिंदुवार गोआश्रय स्थलों में निर्धारित सुविधाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने नोडल अधिकारियों से गोवंश की संख्या, रोग से बचाव हेतु चिकित्सा व्यवस्था, हरे चारे की उपलब्धता, साइलेज की उपलब्धता, चोकर-भूसा आदि की उपलब्धता, केयर टेकर की संख्या और उनकी उपस्थिति आदि के विवरण की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों को संबंधित अधिकारियों और ग्राम प्रधान सहित अन्य पक्षों के साथ समन्वय करते हुए गोआश्रय स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने गोआश्रय स्थलों पर समस्त पंजीकाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और उसमें आवश्यक विवरण दर्ज करने का निर्देश दिया। गोवंशों के उचित देखभाल हेतु कड़ा निर्देश देते हुए लापरवाही की दशा में जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं की उम्र और गोआश्रय स्थल में पशु के आने की अवस्था आदि के अनुसार उनका विवरण रखने का निर्देश दिया। संबंधित बीडीओ और ईओ गोआश्रय स्थलों मे सभी व्यवस्थाओं को एक सप्ताह के भीतर सुदृढ़ कर लें।