फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: अंतिम तिथि करीब...तकनीकी विसंगति में उलझे छात्र,अवधि बढ़ाने की मांग

विज्ञापन
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के प्रवेश की अंतिम तिथि अब सिर पर है, लेकिन समर्थ पोर्टल में आ रही तकनीकी खामी के कारण सैकड़ों विदेशी विद्यार्थी अब भी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छह जुलाई अंतिम तिथि निर्धारित की है। ऐसे में समय तेजी से निकल रहा है और विद्यार्थियों की चिंता बढ़ती जा रही है। छात्र और अभिभावक समय अवधि बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन

सबसे अधिक दिक्कत नेपाल के उन विद्यार्थियों को हो रही है, जो हर वर्ष सिद्धार्थ विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश लेते हैं। आवेदन के दौरान समर्थ पोर्टल पर विदेशी विद्यार्थियों के लिए आवश्यक विकल्प और सत्यापन प्रक्रिया में तकनीकी बाधा आने से ऑनलाइन आवेदन पूरा नहीं हो पा रहा है। कई छात्र निर्धारित दस्तावेज होने के बावजूद आवेदन सबमिट नहीं कर पा रहे हैं।
आकाश अधिकारी (कपिलवस्तु, नेपाल) कहते हैं कि सभी दस्तावेज तैयार हैं, लेकिन समर्थ पोर्टल पर आवेदन पूरा नहीं हो रहा है। कई दिनों से कोशिश कर रहे हैं। अंतिम तिथि नजदीक है, इसलिए चिंता बढ़ गई है। रूपन्देही की स्मृति चौधरी कहती हैं कि हर बार आवेदन अंतिम चरण में जाकर रुक जाता है। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इस सत्र में प्रवेश छूट सकता है। कपिलवस्तु के रोशन यादव कहते हैं कि विश्वविद्यालय में पढ़ाई की तैयारी पूरी कर ली है, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण आवेदन नहीं हो पा रहा। विश्वविद्यालय को जल्द समाधान निकालना चाहिए।
विज्ञापन

बताया जा रहा है कि पोर्टल संचालित करने वाली एजेंसी के स्तर पर भी समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। अंतिम तिथि में महज कुछ दिन शेष हैं और यदि समय रहते समस्या दूर नहीं हुई तो अनेक विद्यार्थी आवेदन से वंचित रह सकते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रवेश की अंतिम तिथि पहले 30 जून रखी गई थी। जो छह जुलाई तक बढ़ाई जा चुकी है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को आवेदन का अवसर मिल सके। बावजूद इसके तकनीकी खामी दूर नहीं होने से डेडलाइन बढ़ाने का उद्देश्य भी अधूरा रह गया है। छात्र अब पोर्टल की समस्या तत्काल दूर करने अथवा आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें