कमरे में मिला नवविवाहिता का शव
कोठीभार (महराजगंज)। थानाक्षेत्र के ग्राम सभा खेसरारी के गेड़हरूआ टोले में शनिवार की देर शाम नवविवाहिता का शव कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। रविवार सुबह कोठीभार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस पति, ससुर, सास व जेठ पर दहेज हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। निचलौल थानाक्षेत्र के ग्राम सभा जयश्री निवासी महेंद्र सहानी ने कोठीभार पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि आठ मई 2020 को बेटी शीतल (22) की शादी कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्राम सभा खेसरारी के गेड़हरूआ टोला निवासी रामनरेश से दहेज देकर शादी की थी। 6 माह तक सबकुछ ठीक से चला। इसके बाद बेटी का पति रामनरेश, ससुर लल्लन, सास आरती देवी व जेठ उमेश बाइक की मांग करने लगे। न देने पर वे लोग बेटी को मारते-पीटते और प्रताड़ित करते थे। शीतल के गले पर गहरे घाव के निशान तथा मुंह से खून निकला हुआ था। थानाध्यक्ष धनबीर सिंह ने बताया कि आरोपी पति, सास व ससुर पर दहेज हत्या, मारना पीटना तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।