सड़कों पर अतिक्रमण से आए दिन लग रहा जाम
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। सड़कों के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण सुचारु यातायात में दिक्कत होती है। इसके साथ ही सड़कों के किनारे अतिक्रमण के कारण यह समस्या और गंभीर हो गई है। यातायात पुलिस कार्रवाई के नाम पर औपचारिकताएं पूरी कर लेती है। जिसका खामियाजा लोगों को जाम की समस्या से जूझकर भुगतान पड़ रहा है।
स्कूली वाहन जाम में फंस जाने के कारण बच्चे अक्सर देर से विद्यालय पहुंचते हैं और यही स्थिति स्कूलों की छुट्टी होने पर घर वापसी के दौरान भी होती है। लोगों का कहना है कि सड़कों के किनारे तक सामान रखकर अतिक्रमण किए जाने तथा बेतरतीब ढंग से वाहनों को खड़ा किए जाने के कारण यह समस्या गंभीर होती जा रही है। शहर के मुख्य मार्गों पर दिन में कई बार जाम की स्थिति पैदा होती है। इससे खासकर दोपहिया एवं पैदल चलने वालों को ज्यादा परेशानी होती है। जाम के दौरान चौराहों पर खड़ी यातायात पुलिस मूकदर्शक की भूमिका में आ जाती है। यातायात पुलिस के अधिकांश जवान चौक पर मौन साधे खड़े नजर आते हैं। शिक्षक अखिलेश पाठक कहते हैं कि सुव्यवस्थित सड़कें और व्यवधान मुक्त यातायात अच्छे शहर की पहचान होती है, लेकिन शहर इस मामले में बहुत ही पीछे है। शहर के मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का दबाव और सड़कों के किनारे अतिक्रमण से यातायात जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। मनोज कुमार वर्मा का कहना है कि मुख्य मार्गों पर शहर के अलावा ग्रामीण अंचलों से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों का बहुत दबाव रहता है। दुकान संचालकों द्वारा सड़क किनारे अतिक्रमण कर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शहर में रोज बड़ी संख्या में बस, ट्रक, ट्रैक्टर ट्राली, ऑटो, जीप, कार की आवाजाही इन्हीं प्रमुख मार्गों पर होती है। इससे दबाव बढ़ जाता है। अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शुक्ल का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। अगर इसमें कही लापरवाही सामने आएगी तो कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि समय समय पर अभियान चलाकर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई भी की जाती है। दो माह में करीब 12 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र राव ने कहा कि नगर में सड़कों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द ही अभियान चलाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।