35 रुपए प्रति क्विंटल की हुई बढ़ोतरी
महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित लोक भवन से प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा की। अब कोटेदारों को 90 रुपये के स्थान पर 125 रुपये प्रति क्विंटल लाभांश मिलेगा।
सदर तहसील सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। घोषणा के बाद उचित दर विक्रेताओं ने सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया का माला पहनाकर स्वागत किया। विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके माध्यम से सरकार पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाने का कार्य करती है। लाभांश बढ़ने से कोटेदारों को आर्थिक राहत मिलेगी और राशन वितरण व्यवस्था को और बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लगातार पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली लागू होने से राशन वितरण व्यवस्था की निगरानी और प्रभावी होगी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशांत कुमार, उप जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी, तहसीलदार पंकज शाही, देशदीपक त्रिपाठी, विवेक श्रीवास्तव आदि लोग मौजूद रहे।।