नौतनवा। नगर के आंबेडकर नगर वार्ड से बुधवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ बालक पूरी रात घर से 20 किलोमीटर दूर एक ऑटो में सोता रहा। पुलिस उसकी तलाश पूरी रात करती रही। बृहस्पतिवार की सुबह बालक खुद ही वापस घर पहुंचा तो पुलिस और परिजन दोनों ने राहत की सांस ली। कस्बे के आंबेडकर नगर वार्ड निवासी आदित्य राज गोस्वामी का 10 वर्षीय पुत्र सागर गोस्वामी बुधवार की शाम कहीं लापता हो गया। पुलिस को इसकी सूचना मिली तो बीते दिनों क्षेत्र के ही कजरी में हुई घटना जैसी पुनरावृति न होने पाए इसको देखते हुए नौतनवा पुलिस तत्काल हरकत में आ गई। अपहरण का केस दर्ज हुआ और पूरे थाने की पुलिस उसकी तलाश में जुटी। इस दौरान सैकड़ों लोगों से पूछताछ हुई। करीब पांच दर्जन से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। एक स्थान से बालक किसी ऑटो में बैठकर जाता हुआ नजर आया। पुलिस ऑटो और उसके चालक की पहचान कराने में जुटी ही थी कि बृहस्पतिवार की सुबह बालक खुद ही घर वापस आ गया।