परतावल। परतावल क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मिली है। अब परतावल से पनियरा, मेंहदावल होते हुए खलीलाबाद तक सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बस सेवा का शुभारंभ किया। नई बस सेवा के शुरू होने से अब यात्रियों को गोरखपुर जाकर बस बदलने की परेशानी से छुटकारा मिल गया है। यह बस प्रतिदिन सुबह 7 बजे परतावल से रवाना होकर पनियरा, मेंहदावल मार्ग से होते हुए खलीलाबाद पहुंचेगी। शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि इस बस सेवा से परतावल और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को अब सीधे यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि खास तौर पर छोटे व्यापारियों और बाजार जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। खलीलाबाद के साप्ताहिक बाजार में कपड़ा और अन्य सामान की खरीदारी करने वाले व्यापारी अब सीधे परतावल से बस पकड़कर जा सकेंगे। विधायक ने यह भी घोषणा की कि दीपावली के सात दिन बाद परतावल से अयोध्या धाम के लिए नई बस सेवा भी शुरू की जाएगी। यह बस सुबह 7:30 बजे परतावल से रवाना होगी। दोनों बसों के बीच आधे घंटे का अंतराल रहेगा।