भिटौली महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के अगया नहर के महाव नाले में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की शिनाख्त विक्रम (55) पुत्र दिवंगत बाढूं निवासी ग्राम बरियारपुर थाना कोठीभार के रूप में हुई। विक्रम की गुमशुदगी दो दिन पूर्व कोठीभार थाने दर्ज कराई गई थी।
मंगलवार दोपहर बाद नाले में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई थी। सूचना मिलते ही गांव के चौकीदार ने तत्काल भिटौली थाना को जानकारी दी।
मौके पर थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र एवं चौकी प्रभारी अवधेश सिंह हमराहियों के साथ पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकलवाया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभ में शव की पहचान नहीं हो सकी थी जिसके बाद पुलिस ने मृतक की फोटो विभिन्न माध्यमों से साझा की।