महराजगंज/निचलौल। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के मधवलिया वन रेंज से मंगलवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दो फरवरी की रात पुलिस ने एक युवक को अवैध लकड़ी और बाइक के साथ गिरफ्तार कर वन विभाग को सुपुर्द कर तस्वीर मोबाइल में कैद कर ली। वहीं वन विभाग के जिम्मेदार केवल अवैध लकड़ी बरामद की बात कर रहे हैं। जबकि बाइक और युवक के गायब हो गए।
जानकारी के मुताबिक, दो फरवरी की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की दो युवक मधवलिया रेंज की जंगल से कीमती लकड़ी की कटान कर बाइक की मदद से ला रहे है। सूचना पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के पिपराकाजी गांव के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर दी। इसी बीच जंगल की ओर से संदिग्ध दो बाइक आती दिखाई दी। जिन्हें पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगे। टीम ने एक युवक को पकड़ लिया। जबकि दूसरा भाग गया। वहीं गिरफ्तार युवक के पास से बाइक पर लदी अवैध कटान की कीमती लकड़ी बरामद हुई। इसी बीच मौके पर वन विभाग की टीम भी आ पहुंची। उसके बाद पुलिस मामला वन विभाग से जुड़े होने की वजह से बरामद लकड़ी और बाइक तथा गिरफ्तार युवक को वन कर्मियों को सुपुर्द कर साक्ष्य के लिए एक तस्वीर मोबाइल में कैद कर चली गई।
उसके बाद वनकर्मी युवक सहित बरामद लकड़ी व बाइक को मधवलिया रेंज परिसर लाए। जहां पर जिम्मेदार गिरफ्तार युवक के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसके परिजन से मैनेज का खेल शुरू कर दिया। बताया जा रहा है, कि उसी रात आरोपी युवक के परिजन और विभाग के जिम्मेदारों के बीच सांठगांठ से मामला भी मैनेज हो गया। फिर जिम्मेदार ने बरामद बाइक और गिरफ्तार युवक को छोड़ दिया। महज बरामद लकड़ी को दिखा खानापूर्ति कर दी। इसे लेकर जिम्मेदारों पर लोग कई तरह के सवाल उठा रहे है।
इस संबंध में मधवलिया वन क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार भाष्कर ने कहा कि पुलिस टीम ने किसी को पकड़ा नहीं था। केवल एक बोटा लकड़ी बरामद की थी। जबकि बरामद बाइक और गिरफ्तार युवक के सवाल पर पल्ला झाड़ चुप्पी साधे रहे। निचलौल क्षेत्राधिकारी अनूज कुमार सिंह ने बताया कि मामले को वन विभाग को सौंप दिया गया था। कार्रवाई उनकी ओर से की जानी थी।
तस्वीरें बया कर रही वन विभाग के जिम्मेदारों की करतूत
अवैध कटान की बरामद लकड़ी और बाइक के साथ गिरफ्तार आरोपी तथा वन कर्मियों के साथ ली गई तस्वीरें जिम्मेदारों के करतूत की पोल खोल रही है। भले ही वन विभाग के जिम्मेदार कुछ बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक तस्वीरें जिम्मेदारों की करतूत का पोल खोलती नजर आ रही है।
सुमन शर्मा, मरुआझाला। संवाद
सुमन शर्मा, मरुआझाला। संवाद
सुमन शर्मा, मरुआझाला। संवाद