शाहपुर। क्षेत्र के धनोहरी गांव में चल रही 10 दिवसीय श्रीरामलीला के चौथे दिन रविवार की रात स्थानीय कलाकारों ने राजा दशरथ, कैकेई संवाद का मंचन किया। यह दृश्य देखकर दर्शक भावुक हो गए। कलाकारों ने दिखाया कि कैकेई ने दशरथ से वचन मांगते हुए कहा कि भरत को राजगद्दी दी जाए और राम को 14 वर्ष का वनवास दिया जाए। यह सुनकर राजा दशरथ स्तब्ध रह गए, लेकिन रघुकुल रीति सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाए... की मर्यादा निभाते हुए उन्होंने राम को वनवास देने का निर्णय सुनाया। यह दृश्य देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। राम, लक्ष्मण और राजा दशरथ के भावपूर्ण अभिनय ने सबका मन मोह लिया। इस दौरान वीरेंद्र मणि, चंद्र प्रकाश यादव, अनुराग श्रीवास्तव, मो. हुसैन, जगराम, सहजराम, सुनील गुप्ता, मदन गुप्ता आदि मौजूद रहे।