सिद्धार्थनगर। अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक हुई। इसमें कार्यों एवं दायित्वों का अच्छी तरह निर्वहन करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद ने कहा कि न्यायालय की ओर से निर्गत सम्मन, वारंट, आदेशिकाओं की समय से शत-प्रतिशत तामिला और ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिह्नित पत्रावलियों में मुकदमों में प्रभावी पैरवी कर जल्द से जल्द आरोपियों को सजा दिलाए जाने के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही उन सभी को अपने दायित्वों का अच्छी तरह निर्वहन करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। सभी न्यायालय पैरोकार अपने पैरवी रजिस्टर में विचाराधीन सभी अभियोगों को अवश्य अंकित करें। पैरवी कर रहे अभियोगों को अपने थाना प्रभारी को अवगत कराते रहें। इस दौरान माॅनिटरिंग सेल, सम्मन सेल, न्यायालय सम्मन सेल और समस्त थानों पर नियुक्त न्यायालय पैरोकार, सहायक पैरोकार, कोर्ट मोहर्रिर व केस माॅनीटरिंग पैरवीकार के साथ थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव, हेड कांस्टेबल यशवंत सिंह आदि मौजूद रहे।