डीएम और एसपी ने संवेदनशील तटबंधों व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
रेनकट और रैटहोल की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश, पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने को कहा
महराजगंज। जनपद में चार दिनों से हो रही अतिवृष्टि और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने विभिन्न संवेदनशील तटबंधों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को जरूरी इंतजाम समय से पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने सबसे पहले त्रिमुहानी पहुंचकर रोहिन नदी के जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति देखी। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता को नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी करने और तटबंधों की नियमित पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया। तहसीलदार सदर को आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित रखने को कहा।
इसके बाद दोनों अधिकारियों ने जर्दी-डोमरा तटबंध और भौराबारी स्थित बाढ़ चौकी का निरीक्षण किया। डीएम ने तटबंधों पर रेनकट और रैटहोल चिह्नित कर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ चौकियों पर जरूरी सामग्री और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद अधिकारी निचलौल तहसील के गेड़हवा गांव पहुंचे। यहां सिसवा विधायक की ओर से बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत सामग्री वितरित की गई। डीएम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि शासन और प्रशासन प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को आवश्यक सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
गेड़हवा गांव में अतिवृष्टि और नारायणी नदी के बढ़ते जलस्तर से करीब 350 परिवार प्रभावित हैं। प्रशासन की ओर से इनके लिए सामुदायिक किचन संचालित किया जा रहा है। प्रभावित परिवारों को राशन किट और अन्य जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है। डीएम ने पशुओं की सुरक्षा के लिए सुरक्षित स्थान चिह्नित कर वहां पर्याप्त भूसा और चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिस विभाग और क्विक रिस्पांस टीमों को अलर्ट रहने तथा जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम निचलौल अवनीश त्रिपाठी, तहसीलदार सदर पंकज शाही, तहसीलदार निचलौल अमित सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।