भिटौली। भिटौली थाना क्षेत्र के जीएम मार्ग पर धर्मपुर चौराहे के पास सोमवार शाम करीब 6 बजे तीन बाइक की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूसड़ निवासी दयाराम अपनी मां कौलपती देवी के साथ तथा धर्मेंद्र निषाद अपनी भौजाई गीता निषाद के साथ महराजगंज कचहरी से तारीख देखकर घर वापस जा रहे थे। तभी धर्मपुर चौराहे पर सामने से आ रही पचरुखियां तिवारी निवासी सूरज की बाइक से उनकी आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइकों पर सवार सभी छह लोग सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची भिटौली पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला सदर अस्पताल महराजगंज भिजवाया। वहां सभी का इलाज चल रहा है। इस संबंध में भिटौली थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि सड़क हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।