परसामलिक। नौतनवां ब्लॉक के ग्राम पंचायत तरैनी स्थित रामलीला मैदान में आयोजित दो दिवसीय थारू महोत्सव का रविवार को समापन हो गया। समापन समारोह में उत्तराखंड से आए बंटी राना की टीम ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। वहीं, महोत्सव के दौरान आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मूल आदिवासी जनजाति कल्याण संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार गढ़वाल और विशिष्ट अतिथि नौतनवां के खंड विकास अधिकारी राजकुमार चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके बाद भगवान बिरसा मुंडा और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया गया। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बहादुर चौधरी ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बहादुर चौधरी ने जिला कार्यकारिणी का गठन किया। इसमें आनंद चौधरी को अध्यक्ष, ऋषिराज चौधरी को संरक्षक, आकाश चौधरी को उपाध्यक्ष, अमित चौधरी को महामंत्री, अश्विनी और ओमप्रकाश चौधरी को संगठन मंत्री, अनूप चौधरी को कोषाध्यक्ष तथा मुन्ना चौधरी को मीडिया प्रभारी बनाया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत बनाने की शपथ दिलाई गई।
इस मौके पर नेपाल की विधायक सुनीता गच्छदार, अगस्त मुनि चौधरी, रामभरत चौधरी, अजय कुमार चौधरी, अवधेश चौधरी, राजेंद्र चौधरी, अनूप चौधरी, श्रवण थारू और भोला चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।