महराजगंज। श्री अन्न के उत्पादन से तराई समृद्ध होगी। जिले में मोटे अनाज उत्पादन से किसानों को जोड़ने के लिए 2039 बीजों के किट पहुंच गए हैं जिनका वितरण इच्छुक किसानों में किया जाएगा। सरकार व कृषि विभाग की मंशा है कि हर जिले में श्री अन्न उत्पादन से किसानों को लाभांवित किया जाए।
कुछ समय पहले तक मोटे अनाज लोगों की सेहत के लिए बहुत महत्व रखते थे। इनका उत्पादन भी किसान करते थे, लेकिन अधिक उत्पादन की होड़ में यह पैदावार से दूर होते गए। सरकार ने इनके स्वास्थ्य के महत्व को देखते हुए श्री अन्न का दर्जा देकर उत्पादन से जोड़ने की पहल की। श्री अन्न बीज के पैकेज वितरण के लिए निर्देश मिले हैं।
इसके तहत खरीफ सीजन 2024 में महराजगंज जनपद में 2039 मिनी किट भेजे गए हैं। रागी के 370 किट, ज्वार के 120, कोदो के 367, सांवा 600 तथा बाजरा के 300 किट प्राप्त हुए हैं। सिर्फ बाजरा का किट दो किलो का है, अन्य बीजों के किट 3 किलो के हैं। किटों का वितरण हर ब्लॉक में होगा। परिषदीय स्कूलों के मध्याह्न भोजन योजना में इन्हीं को शामिल करने के निर्देश हैं, लेकिन इनकी सुलभता न होने के कारण अबतक यह प्रयोग में नहीं आ सके।
विभाग अगले सत्र से इनकी उपलब्धता तय कर सकता है। सदर के राजकीय बीज भंडार से इसके वितरण का शुभारंभ जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने की है।