खाना बनाते समय गैस से हुआ रिसाव, बच्ची बना रही थी खाना
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। भारत-नेपाल बॉर्डर से सटे मुसहर बस्ती गेड़हवा गांव के जलागम टोला में शुक्रवार को आग लगने से दस झोपड़ियां जलकर राख हो गई। आग की लपटों को देखकर लोगों में घंटों अफरातफरी मची रही। अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, मुसहर बस्ती गेड़हवा के टोला जलागम निवासी बाबूलाल की सात वर्षीय बेटी कुमारी शुक्रवार को दिन करीब 4:30 बजे घर के अंदर गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी बीच गैस रिवाज होने से आग लग गई। कुमारी घर से बाहर निकलकर शोर मचाने लगी। शोर शराबा सुन ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाने के लिए कुछ कर पाते, तब तक तेज हवाओं के साथ आग ने बिकराल रूप ले लिया।
देखते ही देखते आग ने कौशल, हैदर, इस्लाम, मुन्ना, शकील, हफीज, मुन्नू,प्यास और अमरचंद की झोपड़ियों को चपेट में ले लिया। सभी की झोपड़ियों में रखे नकदी और सामान जलकर राख हो गए। पीड़ित परिवारों के लिए ग्राम प्रधान दिनेश शर्मा ने भोजन का इंतजाम कराया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे तहसीलदार वाचस्पति सिंह ने पीड़ित परिवारों को कोटेदार की मदद से अनाज और तीरपाल की व्यवस्था उपलब्ध कराई।
..
25 जून को होनी थी रुबैदा कि शादी
आग से सबकुछ खो चुके हफीज ने बताया कि दो बेटी जुबैदा और हसीना की शादी हो चुकी है। सबसे छोटी बेटी रुबैदा की शादी 25 जून को भैरोगंज बिहार में तय की है। शादी की तैयारी के लिए काफी सामान की खरीदारी कर ली थी, लेकिन आग में सबकुछ जल गया।